रायपुर
छत्तीसगढ़ में हाथी (बसपा) के सबसे मजबूत गढ़ में शामिल जांजगीर-चांपा में इस बार रिकार्ड 65 फीसद वोटिंग हुई है। एससी आरक्षित प्रदेश की इस एकमात्र सीट पर संभवत: पहली बार मतदान का आंकड़ा इस स्तर तक पहुंचा है। राज्य के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत का निर्वाचन क्षेत्र सक्ती विधानसभा इसी संसदीय सीट में आता है।
पार्टी ने यहां से पूर्व सांसद पारसराम भारद्वाज के पुत्र रवि प्रकाशराम भारद्वाज को टिकट दिया है। भाजपा ने अपने पूर्व सांसद गुहाराम अजगले तो बसपा ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक दाउराम रत्नाकर पर दांव लगाया है। बसपा सुप्रीमो मायावती की एकमात्र आम सभा इसी सीट में हुई है। त्रिकोणीय संघर्ष में फंसी दिख रही इस सीट पर रिकार्ड वोटिंग का फायदा किसे होगा यह तो 23 मई को पता चलेगा।
इस संसदीय क्षेत्र में विधानसभा सीटों के लिहाज से इस बार कांग्रेस का पलड़ा भारी है। आठ में से चार सीट कांग्रेस के पास है। बाकी चार में भाजपा और बसपा के पास दो-दो सीट है। 2013 के विधानसभा चुनाव में बसपा के पास एक, कांग्रेस के पास दो और भाजपा के पाले में पांच सीटें थीं। लोकसभा का चुनाव भाजपा ने जीता था।