9.2 C
Munich
Saturday, May 4, 2024

भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट DMK के पास है; PM मोदी ने स्टालिन और राहुल को जमकर घेरा

Must read


लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कच्चातिवू मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस और उसकी सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने इस मुद्दे पर देश को अंधेरे में रखा। ‘शक्ति’ को लेकर की गई टिप्पणी के लिए भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी द्रमुक पर निशाना साधा और कहा कि इस मुद्दे पर पहला कॉपीराइट सत्तारूढ़ पार्टी के पास है। साथ ही यह भी कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के परिवार का इरादा राज्य को लूटने का है।

19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए उन्होंने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘भ्रष्टाचार पर द्रमुक का पहला कॉपीराइट है, पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है।’’ उन्होंने द्रमुक पर एक पारिवारिक कंपनी होने का आरोप लगाया, जो राज्य के युवाओं की पुरानी मानसिकता के साथ प्रगति में बाधा बन रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक लोगों को भाषा, क्षेत्र, धर्म और जाति के आधार पर बांटती है। वह जानती है कि जिस दिन लोग इसे पहचान जाएंगे, उसे एक भी वोट नहीं मिलेगा। मैंने द्रमुक की दशकों पुरानी खतरनाक राजनीति का पर्दाफाश करने का फैसला किया है।’’

कच्चातिवू मुद्दे पर कांग्रेस और द्रमुक पर फिर से निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि मंत्रिमंडल की किस बैठक में इसके बारे में निर्णय लिया गया था और किसको लाभ पहुंचाया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। वर्ष 1974 में जब कच्चातिवू द्वीप श्रीलंका को सौंपा गया था तब कांग्रेस और द्रमुक क्रमश: केंद्र और राज्य की सत्ता में थे।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी नौकाएं जब्त कर ली गईं जबकि कांग्रेस और द्रमुक ने उनके प्रति सहानुभूति का दिखावा किया। पीएम मोदी ने कहा कि राजग सरकार उनकी ‘स्थायी रिहाई’ सुनिश्चित कर रही है तथा श्रीलंका में पांच भारतीय मछुआरों को फांसी से बचाया भी है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को राजकुमार बोलकर संबोधित करते हुए मोदी ने उनके शक्ति वाले बयान को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हिंदू आस्था की शक्ति को नष्ट करने की बात करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘द्रमुक की भी यही मानसिकता है। वे सनातन धर्म की बुराई करते हैं…राम मंदिर (अयोध्या) के उद्घाटन का बहिष्कार करते हैं।’’

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नया संसद भवन बना और उसमें पवित्र सेंगोल (राजदंड) की स्थापना भी की गई। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लोग महिलाओं का अपमान करते हैं और हर कोई जानता है कि जब अम्मा जयललिता जीवित थीं तो द्रमुक ने उनके साथ कैसा व्यवहार किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा और राजग के लिए आपका आशीर्वाद सनातन शक्ति की रक्षा करेगा और महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करेगा।’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा और राजग को तमिलनाडु में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘राजग ने पिछले 10 साल में विकसित भारत की नींव तैयार की है’’

तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। मोदी ने मंगलवार को चेन्नई में रोड शो किया था।



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article