- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar News Headlines; Arvind Kejriwal ED Case BJP Candidate List | Patanjali
2 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की रही। एक खबर भाजपा और कांग्रेस की तीसरी चुनावी लिस्ट की रही।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में राहुल गांधी की याचिका पर यूपी की सुल्तानपुर कोर्ट में सुनवाई होगी। उन्हें 20 फरवरी को जमानत मिली थी।
- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां सीजन शुरू होगा। चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।
- अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इजराइल के दौरे पर जाएंगे। इजराइल-हमास जंग में सीजफायर पर अहम चर्चा होगी।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. दिल्ली शराब नीति केस में केजरीवाल गिरफ्तार, इसी केस में सिसोदिया-संजय सिंह जेल में


अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तारी के बाद CM हाउस से ED दफ्तर ले जाया गया।
ED ने दिल्ली शराब नीति केस में CM अरविंद केजरीवाल को 2 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। टीम पूछताछ के लिए उनके आवास पहुंची थी, इस दौरान घर की तलाशी भी ली गई। इस मामले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 13 महीने और AAP नेता संजय सिंह 6 महीने से जेल में हैं।
9 समन भेज चुकी थी ED: 9 समन के बाद भी केजरीवाल पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के सामने नहीं पहुंचे थे। गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने शराब नीति केस में गिरफ्तारी से राहत देने की मांग वाली केजरीवाल की याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल को ED के सामने पेश होना होगा, उनकी गिरफ्तारी पर रोक नहीं है।
पहली बार सिटिंग CM की गिरफ्तारी: केजरीवाल गिरफ्तार होने वाले पहले सिटिंग सीएम हैं। इससे पहले झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को ED ने गिरफ्तार किया था। सोरेन ने ED की हिरासत में राजभवन जाकर इस्तीफा दिया था।
आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई संभव: केजरीवाल की लीगल टीम ने गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। अदालत आज इस पर सुनवाई कर सकती है। वहीं सुबह 10 बजे से आम आदमी पार्टी भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी। साथ ही देशभर में केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन होंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. भाजपा की तीसरी लिस्ट, तमिलनाडु से 9 नाम; कांग्रेस की तीसरी लिस्ट, 7 राज्यों के 56 नाम
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए तीसरी लिस्ट जारी की। इसमें तमिलनाडु के 9 नाम हैं। तेलंगाना की राज्यपाल रहीं तमिलिसाई सुंदरराजन को चेन्नई साउथ से टिकट दिया गया है। राज्य के भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई को कोयंबटूर और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को नीलगिरि से टिकट मिला है।
उधर, कांग्रेस की तीसरी लिस्ट में 7 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 56 उम्मीदवारों के नाम हैं। गांधीनगर सीट से अमित शाह के खिलाफ सोनल पटेल चुनाव लड़ेंगी। राजस्थान के सीकर की सीट CPI-M के लिए छोड़ी गई है। पश्चिम बंगाल के बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी और महाराष्ट्र के नांदेड से वसंत राव चव्हाण के नाम का ऐलान किया गया है।
भाजपा के 276 प्रत्याशी घोषित: तमिलनाडु में लोकसभा की 39 सीटें हैं, इनमें से भाजपा ने 10 सीटें पट्टाली मक्कल काची (PMK) को दी हैं। भाजपा अब तक 276 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है।
कांग्रेस के 138 प्रत्याशी घोषित: कांग्रेस अब तक 138 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। तीसरी लिस्ट में कर्नाटक से 17, गुजरात से 11, महाराष्ट्र से 7, पश्चिम बंगाल से 8, राजस्थान से 5, कांग्रेस से 5, अरुणाचल प्रदेश से 2 और पुडुचेरी का एक प्रत्याशी शामिल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. ऋतुराज गायकवाड बने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान, एमएस धोनी ने कमान छोड़ी


IPL 2024 में महेंद्र सिंह धोनी की जगह 27 साल के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करेंगे। टीम को 5 बार चैंपियन बना चुके महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।
CSK के चौथे कप्तान होंगे गायकवाड: धोनी के अलावा सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा भी टीम की कमान संभाल चुके हैं। गायकवाड 2019 से CSK का हिस्सा हैं, इस दौरान उन्होंने 52 IPL मैच खेले हैं।
गायकवाड को कप्तान बनाने की वजह: गायकवाड 27 साल के ही हैं और लंबे समय तक टीम के लिए खेल सकते हैं। बल्लेबाजी में वे काफी कंसिसटेंट रहते हैं। 2022 सीजन को छोड़कर हर साल उन्होंने CSK के लिए 40 से ऊपर की औसत से रन बनाए हैं। वे घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र की कप्तानी भी करते रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. विज्ञापन केस में पतंजलि ने सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी, कहा- ऐसे ऐड नहीं दिखाएंगे
पतंजलि आयुर्वेद ने गुमराह करने वाले दवा विज्ञापन मामले में माफी मांगी है। कंपनी के MD आचार्य बालकृष्ण ने सुप्रीम कोर्ट में माफीनामा दाखिल किया। इसमें विज्ञापन को फिर से प्रसारित न करने का भी वादा किया गया है। बालकृष्ण ने बताया कि कंपनी के मीडिया विभाग को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी नहीं थी।
क्या है पूरा मामला: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 17 अगस्त 2022 को पतंजलि के खिलाफ याचिका लगाई थी। कोर्ट ने 21 नवंबर 2023 को पतंजलि को ऐसे विज्ञापन नहीं देने का निर्देश दिया था। हालांकि कंपनी ने इसे नजरअंदाज किया। अदालत ने 27 फरवरी 2024 को कहा था, ‘पतंजलि भ्रामक दावे करके देश को धोखा दे रही है कि उसकी दवाएं कुछ बीमारियों को ठीक कर देंगी, जबकि इसका कोई ठोस प्रमाण नहीं है।’ इसके बाद 19 मार्च को हुई सुनवाई में योगगुरु रामदेव से 2 अप्रैल को पेश होने को कहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. SBI ने इलेक्टोरल बॉन्ड की डिटेल EC को सौंपी, हर बॉन्ड का सीरियल नंबर भी दिया


SBI ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि उसने चुनाव आयोग को सीरियल नंबर समेत इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी सारी जानकारी सौंप दी है। चुनाव आयोग ने भी नया डेटा अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। बॉन्ड के सीरियल नंबर से इसे इनकैश कराने वाली पार्टी की जानकारी मिलेगी। पिछली बार इनकी जानकारी नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने SBI के चेयरमैन को फटकार लगाई थी।
कोर्ट ने क्या आदेश दिया था: 18 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने SBI को आदेश दिया था कि 21 मार्च की शाम 5 बजे तक हर बॉन्ड का अल्फान्यूमेरिक नंबर और सीरियल नंबर, खरीद की तारीख और राशि सहित सभी जानकारियां दें। SBI ने सुप्रीम कोर्ट में दिए एफिडेविट में लिखा कि बैंक अकाउंट नंबर और KYC के अलावा कोई भी डिटेल नहीं रोकी गई है। सुरक्षा कारणों के चलते डोनर्स और राजनीतिक दलों के KYC नंबर सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. SC का चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक से इनकार, कहा- इससे अव्यवस्था फैल जाएगी
सुप्रीम कोर्ट ने दो नए चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की नियुक्ति पर रोक लगाने वाली याचिका गुरुवार को खारिज कर दी। अदालत ने कहा, ‘हम चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति अधिनियम 2023 पर फिलहाल रोक नहीं लगा सकते, क्योंकि इससे अव्यवस्था फैल जाएगी। चुनाव नजदीक हैं, तो इसके संतुलन पर विचार करना होगा, क्योंकि नियुक्त व्यक्तियों के खिलाफ कोई आरोप नहीं हैं।’
चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया: दरअसल, 2 मार्च 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति एक पैनल करेगा। जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और CJI शामिल होंगे। इससे पहले सिर्फ केंद्र सरकार इनका चयन करती थी।
हालांकि, 21 दिसंबर 2023 को केंद्र सरकार ने संसद में नियुक्ति से जुड़ा बिल पास कराया। इसके तहत चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति 3 सदस्यों का पैनल करेगा। इसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष का नेता और एक कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। पैनल से CJI को बाहर रखा गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. ब्रेन-चिप की मदद से लकवाग्रस्त शख्स ने वीडियो गेम खेला, न्यूरालिंक ने वीडियो शेयर किया


न्यूरालिंक ने जनवरी में इंसान के दिमाग में सर्जरी के जरिए चिप इम्प्लांट करने में सफलता पाई थी।
एलन मस्क की ब्रेन-चिप कंपनी न्यूरालिंक ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें एक शख्स अपने दिमाग के जरिए कंप्यूटर का कर्सर हिला रहा है और ऑनलाइन शतरंज खेल रहा है। नोलैंड नाम के शख्स का एक्सीडेंट हुआ था और उसके कंधों के नीचे लकवा मार गया था। इसी साल जनवरी में उनके दिमाग में न्यूरालिंक की चिप इम्प्लांट की गई थी। मस्क ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा ‘न्यूरालिंक ने टेलीपैथी का प्रदर्शन किया’।
न्यूरालिंक डिवाइस क्या है: सितंबर 2023 में न्यूरालिंक को अपने पहले ह्यूमन ट्रायल की मंजूरी मिली थी। कंपनी ने सिक्के के आकार का एक डिवाइस बनाया है जिसे ‘लिंक’ नाम दिया गया है। यह डिवाइस ह्यूमन ब्रेन और कंप्यूटर के बीच सीधे कम्युनिकेशन चैनल बनाती है। अभी इसका ह्यूमन ट्रायल चल रहा है। अगर ट्रायल पूरी तरह कामयाब रहा तो चिप के जरिए दृष्टिहीन लोग देख पाएंगे। पैरालिसिस के मरीज चल-फिर सकेंगे और कंप्यूटर भी चला सकेंगे। कंपनी ने इस चिप का नाम ‘लिंक’ रखा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…


कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- नेशनल: चुनाव आयोग का केंद्र को निर्देश- विकसित भारत मैसेज रोकें: 4 राज्यों के 5 कलेक्टर-8 SP का भी ट्रांसफर; इनमें असम CM के भाई भी शामिल (पढ़ें पूरी खबर)
- नेशनल: सुप्रीम कोर्ट ने PIB की फैक्ट चेक यूनिट पर रोक लगाई: कहा- ये अभिव्यक्ति की आजादी के खिलाफ; केंद्र ने एक दिन पहले ही नोटिफाई किया था (पढ़ें पूरी खबर)
- नेशनल: बैंक खाते फ्रीज करने के खिलाफ कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस: राहुल बोले- IT एक्शन नियमों के खिलाफ; भाजपा बोली- चुनावी हार के लिए बहाना खोज रहे (पढ़ें पूरी खबर)
- उत्तर प्रदेश: बदायूं डबल मर्डर का खुलासा: आरोपी जावेद बोला- साजिद के बच्चे नहीं थे, वो आस-पास के बच्चों से नफरत करता था (पढ़ें पूरी खबर)
- स्पोर्ट्स: एडम जम्पा ने IPL-2024 से नाम वापस लिया: RR ने 1.5 करोड़ रुपए में खरीदा; रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
- कर्नाटक: गवर्नर ने मंदिरों पर टैक्स लगाने वाला बिल लौटाया: सरकार से स्पष्टीकरण मांगा, मंदिर की कमाई पर हुआ था विवाद (पढ़ें पूरी खबर)
- डिप्लोमेसी: चीनी दावे पर अमेरिका बोला- अरुणाचल भारत का हिस्सा: चीन ने यहां सेला टनल का विरोध किया था, इसे अपना इलाका बताया (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: गाजा में 32 हजार मौतें, अब सीजफायर को तैयार अमेरिका: UNSC में 3 प्रस्ताव रोकने के बाद अपना प्रपोजल लाएगा; बंधकों की रिहाई पर फोकस (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: जेल से इमरान बोले- 5 महीनों में गिरेगी पाकिस्तान सरकार: कहा- तब मैं रिहा हो जाऊंगा, इसलिए बिलावल की पार्टी ने कैबिनेट जॉइन नहीं किया (पढ़ें पूरी खबर)


अब खबर हटके…
30 साल से वेंटिलेटर पर रहने का रिकॉर्ड


जानुज ’12 ब्रीद्स पर मिनट’ नाम की ऑटोबॉयोग्राफी भी लिख चुके हैं।
जानुज स्वित्ज नाम के एक शख्स ने सबसे लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहने का रिकॉर्ड बनाया है। जानुज 30 साल से वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। 17 साल की उम्र में एक रोड एक्सीडेंट में वह बुरी तरह घायल हुए थे। इसके बाद 6 साल तक ICU में भर्ती रहें। उन्होंने सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। सांस लेने की क्षमता भी खत्म हो गई थी। वह एक पोर्टेबल वेंटिलेटर के सहारे घूमने-फिरने समेत रोजमर्रा के काम करते हैं।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…










आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…