8.1 C
Munich
Thursday, March 28, 2024

उत्तराखंड में कोरोना के आए 23 नए केस, राज्य में संक्रमितों की संख्या हुई 1066

Must read

देहरादून समाचार : उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के 23 नए केस मिलने की पुष्टि हुई है। बुधवार दोपहर दो बजे स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 1,066 केस हो गए हैं। अब तक 295 मरीज ठीक हो चुके हैं। आज मिले मरीजों में देहरादून में आठ, नैनीताल और पौड़ी में एक, हरिद्वार में नौ व चमोली में चार मामले सामने आए हैं। देहरादून में बुधवार को एक निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर, दून अस्पताल की महिला स्टाफ नर्स और महिला गार्ड में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर की क्लीनिक में एक महिला का इलाज चल रहा था जो कोरोना पॉजिटिव निकली थी। इसके बाद महिला डॉक्टर ने भी कोरोना जांच कराई, जिसमें वह पॉजिटिव पाई गईं हैं। वहीं दून अस्पताल की अन्य दो महिला कर्मचारी संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुईं हैं। स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने इन मामलों की पुष्टि की है।

मैक्स अस्पताल में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीसी रमोला ने बताया कि अस्पताल से इस संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। सीएमओ डॉ. रमोला ने बताया कि सहारनपुर के एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मैक्स अस्पताल में ले गए थे। जहां डॉक्टरों ने हार्ट की सर्जरी की जरूरत बताकर भर्ती कराया था। सर्जरी से पहले डॉक्टरों ने मरीज का कोविड टेस्ट के लिए सैंपल भेजा था। मंगलवार रात मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी। इस बीच रात को मरीज को दिल का दौरा पड़ गया। डॉक्टरों ने मरीज को वेंटिलेटर पर रखकर बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन मरीज को बचाया नहीं जा सका। विभाग और अस्पताल द्वारा मामले में परिजनों को शव सौंपने आदि की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस मामले में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article