15 C
Munich
Monday, July 8, 2024

50 सीट भी नहीं जीत पाएगी कांग्रेस, विपक्षी दल का भी नहीं मिलेगा दर्जा; बोले पीएम मोदी

Must read


ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 50 सीट भी नहीं जीत पाएगी और चुनाव के बाद उसे विपक्षी दल का दर्जा भी नहीं मिलेगा। कंधमाल, बोलंगीर और बारगढ़ लोकसभा सीट पर चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि ओडिशा की ‘अस्मिता’ खतरे में है और भाजपा इसकी रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार बनेगी और ओडिशा में भाजपा सरकार का मुख्यमंत्री वही बेटी या बेटा बनेगा जो उड़िया भाषा और उड़िया संस्कृति को समझता हो। बीजू जनता दल (बीजद) पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन होने के बावजूद लोगों को गरीब बनाए रखने के लिए जिम्मेदार लोगों को सत्ता से बाहर किया जाना चाहिए। मोदी ने दावा किया, ”कांग्रेस को लोकसभा में प्रमुख विपक्षी दल बनने के लिए 10 प्रतिशत सीट नहीं मिल पाएंगी और वह 50 सीट भी नहीं जीत पाएगी।” 

राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के ‘शहजादे’ 2014 के चुनाव के बाद से वही स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं…मेरे शब्दों पर ध्यान दें, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा और इस बार 400 से अधिक सीट जीतेगा।” केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की उपलब्धियों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 26 साल पहले आज ही के दिन पोखरण परीक्षण ने दुनिया भर में देश का कद बढ़ाया था। मोदी ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस हमेशा भारत के लोगों को डराने की कोशिश करती है… इसी प्रवृत्ति के कारण जम्मू-कश्मीर इतने वर्षों तक आतंकवाद का गवाह बना। कांग्रेस आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के बजाय पार्टी का वोट बैंक बचाने के लिए उनसे बातचीत करती थी।” 

उन्होंने कहा, ”दूसरी ओर, वाजपेयी सरकार ने दुनिया को दिखाया कि भारत अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित कर सकता है। प्रवासी भारतीयों को उस क्षण (पोखरण परीक्षण) पर गर्व महसूस हुआ…जिस दिन भारत ने दुनिया को अपनी क्षमता दिखाई।” मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस हमेशा सावधानी से कार्रवाई करने की चेतावनी देती है क्योंकि पाकिस्तान के पास भी परमाणु हथियार हैं। उन्होंने दावा किया, ”इन डरे हुए लोगों (कांग्रेस) ने हमारे देश की जनता के उत्साह को खत्म कर दिया है। आज पाकिस्तान ऐसी स्थिति में है कि वह अपने पास मौजूद बम को संभाल नहीं पा रहा है। वे अब अपने बम बेचने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें खरीदार नहीं मिल रहे हैं क्योंकि लोगों को पता है कि उनके बम खराब गुणवत्ता के हैं।” 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराकर लोगों का 500 वर्षों का इंतजार समाप्त किया है। उन्होंने कहा, ”राम मंदिर के दर्शन करने के बाद हर कोई गर्व महसूस करता है। हमारे पास एक तरफ रामलला का आशीर्वाद है और दूसरी तरफ भगवान जगन्नाथ का।” मोदी ने जोर देकर कहा कि भाजपा ओडिया भाषा और संस्कृति के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने बीजद नेता वी.के. पांडियन के इस दावे पर भी निशाना साधा कि वह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सभी मूल्यों के स्वाभाविक उत्तराधिकारी हैं। मोदी ने कहा, ”मैं आपको 10 जून को भुवनेश्वर में भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित करने के लिए यहां आया हूं। राज्य की संस्कृति, भाषा और परंपरा को समझने वाले इस धरती के बेटे या बेटी को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।”



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article