Wednesday, October 4, 2023
HomeIndia Newsहरियाणा में फंसे प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य सरकार चलाएगी 37 स्पेशल...

हरियाणा में फंसे प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य सरकार चलाएगी 37 स्पेशल ट्रेनें

चंडीगढ़ : लॉकडाउन के चलते हरियाणा में फंसकर रह गए बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिमी बंगाल के प्रवासी मजदूरों को उनके राज्यों तक वापस छोड़ने के लिए हरियाणा सरकार के प्रयासों के तहत इन राज्यों के लिए 37 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बिहार के लिए 23, पश्चिम बंगाल के लिए 6 और मध्य प्रदेश के लिए 8 ट्रेनें चलाई जाएंगी। मध्य प्रदेश और बिहार जाने वाली आठ-आठ ट्रेनों को अब तक स्वीकृति मिल चुकी है जिनका संचालन 20 मई से होगा। पश्चिम बंगाल के लिए भी छह स्पेशल ट्रेन चलाई जानी प्रस्तावित हैं, जबकि एक रेलगाड़ी असम के गुवाहाटी के लिए भी चलाई जाएगी। राज्य सरकार ने लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों और अन्य लोगों को उनके गृह राज्यों में भेजने के लिए ट्रेनों के अलावा बसों की भी पर्याप्त व्यवस्था की है। अब तक विभिन्न राज्यों के 1.88 लाख से अधिक प्रवासी मजदूरों को ट्रेनों, बसों और अन्य साधनों से उनके गंतव्य स्थानों पर भेजा जा चुका है। इसी कड़ी में सोमवार को तीन स्पेशल ट्रेनों में लगभग 3800 प्रवासी मजदूर बिहार और मध्य प्रदेश स्थित उनके गृह जिलों के लिए रवाना हुए। इनमें से एक ट्रेन पानीपत से बिहार के कटिहार, दूसरी गुरुग्राम से बिहार के दरभंगा जबकि तीसरी भिवानी से मध्य प्रदेश के छतरपुर गई है। इसके अलावा 284 बसों से लगभग 8500 श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भी भेजा गया है। अब तक 46 स्पेशल ट्रेनें प्रवासी श्रमिकों और अन्य लोगों को लेकर जा चुकी हैं। इनमें से 33 बिहार और 13 मध्य प्रदेश गई हैं। इसी कड़ी में सिरसा जिला प्रशासन विभिन्न राज्यों के प्रवासी मजदूरों को चिन्हित कर रहा है। इन्हें यहां स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम और सिकंदर पुर में डेरा ब्यास में बनाए गए शेल्टर होम में एकत्रित किया जा रहा है। इनकी मेडिकल जांच के बाद ही इन्हें इनके गंतव्यों के लिए रवाना किया जाएगा। दो हजार से अधिक प्रवासी मजदूरों को राज्य परिवहन की बसों से निशुल्क उत्तर प्रदेश भेजा जा चुका है, जबकि बिहार और अन्य राज्यों में जाने के इच्छुक प्रवासी मजदूरों की प्रक्रिया जारी है। इन प्रवासी मजूदरों के खाने और रहने की व्यवस्था समाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से प्रशासन कर रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments