नई दिल्ली, मुंबई
देश में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अब संक्रमितों की संख्या लगभग 17,000 के पार हो गई है। आज सुबह तक संक्रमितों की संख्या 17,312 हो गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 559 हो चुकी है। देश में अब तक कोरोना वायरस के 17, 312 मामलों की पुष्टि हुई है, इनमें से 13,899 मरीजों का इलाज चल रहा है। 2,854 लोगों का इलाज हो चुका है। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार रविवार दोपहर तक कुल 15,712 लोग संक्रमित हो गए थे। कोरोना वायरस के चलते शनिवार से 24 घंटों के दौरान 1,334 और लोग बीमार हो गए। कोरोना वायरस के चलते मरने वालों की संख्या 507 हो गई। पिछले 24 घंटों में 27 लोगों ने दम तोड़ दिया। 2,231 लोग संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस तरह 14.19 फीसदी लोगों का इलाज हो गया। दिल्ली के एक अस्पताल में कोरोना से संक्रमित डेढ़ माह के बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण से नवजात की मौत का यह पहला मामला हो सकता है। नवजात की मौत लेडी हार्डिंग अस्पताल से संबद्ध कलावती सरन बाल चिकित्सालय में हुई। अस्पताल के एक डॉक्टर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, ‘‘बच्चे को कुछ दिन पहले अस्पताल लाया गया था। उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। बच्चे को एसएआरआई (गंभीर श्वसन रोग) वार्ड में भर्ती कराया गया और कल उसकी मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि बच्चे के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
देश में इस जानलेवा वायरस से यदि सबसे अधिक कोई प्रभावित राज्य है तो वो महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में मरीजों का आंकड़ा 3,648 तक पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश के 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना महामारी के केस जमात से जुड़े पाए गए हैं।
दिल्ली में शनिवार रात तक 186 नए कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस सामने आए। जबकि एक व्यक्ति की मौत भी दर्ज की गई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक अब राजधानी में पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 1,893 पहुंच गया है। वहीं अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 207 मरीज ठीक भी हो चुके हैं।