5.8 C
Munich
Thursday, April 25, 2024

तूफान निसर्ग ने पकड़ी रफ्तार, मुंबई समुद्र तट से टकराएगा आज गुजरात में बारिश शुरू

Must read

मुंबई /अहमदाबाद समाचार : चक्रवाती तूफान निसर्ग दोपहर में माहाराष्ट्र के पालघर और मुंबई में समुद्र तट से टकरा सकता है। मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड के आने की संभावना जताई है। वहीं विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान की हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है। समुद्र तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। निसर्ग तूफान आने से पहले गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। मुंबई मौसम विभाग) के मुताबिक चक्रवाती तूफान अलीबाग से 140 किलोमीटर और मुंबई से 190 किलोमीटर दूर है। इसके दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच समुद्र तट से टकराने की संभावना है। तूफान के समय 6 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। हालांकि मुंबई तूफान से निपटने के लिए तैयार है। 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

निसर्ग चक्रवात के बुधवार को तट से टकराने के खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र्र और गुजरात ने आपदा से मुकाबले के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों को तैनात कर दिया है और जिन क्षेत्रों के चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका है वहां से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्विटर पर एक चित्र के माध्यम से कहा गया कि एनडीआरएफ के 16 दलों में से 10 को चक्रवात के दौरान बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया है और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की छह इकाइयों को रिजर्व रखा गया है। इसी बीच ठाकरे के कार्यालय ने बताया कि कच्चे घरों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। इसी प्रकार की व्यवस्था करवार नौसैनिक क्षेत्र, गोवा नौसैनिक क्षेत्र और गुजरात दमन और दीव नौसैनिक क्षेत्र के लिए की गई है।

समुद्र तट के किनारे रहने वालों के लिए एक राहत भरी खबर में आईएमडी ने कहा कि चक्रवात के गुजरात के तट से टकराने की संभावना नहीं है। हालांकि इसका प्रभाव तेज हवाओं और भारी बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है। गुजरात मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जयंत सरकार ने यह जानकारी दी। कोलंबिया विश्वविद्यालय में वातावरण विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एडम सोबेल के अनुसार मुंबई में 1891 के बाद कोई बड़ा चक्रवाती तूफान नहीं आया है। मुंबई में 2005 में भयंकर बाढ़ आई थी और उसके बाद 2017 और 2019 में भी शहर जलमग्न हो गया था लेकिन इसका कारण चक्रवात नहीं था। आईएमडी के मुताबिक बुधवार को मुंबई के निचले स्थानों में रहने वालों को भारी बारिश, तेज हवाएं, समुद्र में ऊंची उठती लहरें और तूफान का सामना करना पड़ सकता है। मुंबई पर समुद्री चक्रवात के खतरे को देखते हुए महानगर के हवाईअड्डे और बंदरगाहों पर अधिकारियों ने सुरक्षा के विषेश प्रबंध किए हैं। मुंबई हवाई अड्डे की परिचालक कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (मायल) ने कहा कि चक्रवात के खतरे को देखते हुए उसने यात्रियों और हवाई जहाजों की सुरक्षा के लिए वहां अनेक प्रबंध किए हैं। नागर विमानन महानिदेशालय ने भी एक परिपत्र जारी करके एयरलाइनों और पायलटों को खराब मौसम में विमान सेवाओं के परिचालन के संबंध में स्थायी दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article